Bollywood News
16 साल बाद भारत को कहा अलविदा: Mandana Karimi का बड़ा फैसला, बोलीं“नई शुरुआत का समय”
ईरान में एंट्री बैन और सुरक्षा चिंताओं के बीच अभिनेत्री मंडाना करीमी ने भारत छोड़ने का किया ऐलान, बोलीं—“यह अंत नहीं, नई यात्रा की शुरुआत है”
बॉलीवुड और मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री मंडाना करीमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनका भारत छोड़ने का फैसला है। करीब 16 साल तक भारत में रहने के बाद मंडाना ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट और एयरपोर्ट से वीडियो साझा कर इस फैसले की जानकारी दी।
मंडाना ने इंस्टाग्राम पर ‘Ask Me Anything’ सेशन के दौरान यह भी साफ किया कि उन्होंने मुंबई और भारत को अलविदा कह दिया है। उन्होंने लिखा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे भारत को अलविदा कहना पड़ेगा। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल है। लेकिन 16 साल के लंबे सफर के बाद अब नई शुरुआत का समय आ गया है—नया देश, नया घर और नई जिंदगी।”
मार्च महीने में भी उन्होंने संकेत दिए थे कि सुरक्षा कारणों के चलते वह भारत छोड़ सकती हैं। उस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें भारत में अपेक्षित समर्थन नहीं मिला और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं। अब अपने हालिया बयान में मंडाना ने इन सभी अनुभवों को अपनी जीवन यात्रा का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा, “भारत ने मुझे बहुत कुछ दिया—करियर, दोस्ती और मेरी पहचान का बड़ा हिस्सा। लेकिन समय के साथ मेरी प्राथमिकताएं बदल गई हैं। अब मैं अपने मूल, अपने काम और अपने लोगों के अधिकारों के लिए लड़ाई पर ध्यान देना चाहती हूं।”
मंडाना ने यह भी स्वीकार किया कि यह फैसला उनके लिए भावनात्मक रूप से आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि भारत में उन्होंने एक कलाकार और एक इंसान के रूप में खुद को बेहतर तरीके से जाना और समझा। उनके मुताबिक यह सिर्फ एक देश छोड़ने का निर्णय नहीं, बल्कि आत्म-खोज और नई शुरुआत की प्रक्रिया है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भविष्य में भारत लौटेंगी, तो उन्होंने साफ कहा कि वह “गुडबाय फॉरएवर” में विश्वास नहीं करतीं। उनके शब्दों में भारत हमेशा उनके जीवन का हिस्सा रहेगा और भविष्य में काम के जरिए उनका जुड़ाव बना रह सकता है।
मंडाना ने यह भी खुलासा किया कि वह कई सालों से ईरान नहीं लौट सकतीं क्योंकि वहां उनकी एंट्री पर प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज और विचारों के कारण उन्हें अपने ही देश से दूर रहना पड़ रहा है।
अब वह अपने अगले कदम में मानवाधिकार और सामाजिक मुद्दों पर काम करने की योजना बना रही हैं। मंडाना ने बताया कि वह फंडरेजिंग और जागरूकता अभियानों के जरिए ईरान से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगी।
गौरतलब है कि मंडाना करीमी पिछले कुछ वर्षों से फिल्मी दुनिया से काफी दूर रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने एक्टिंग पूरी तरह नहीं छोड़ी है, बल्कि वह डिजाइन, स्टाइलिंग और क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स के जरिए अपने करियर को नए रूप में आगे बढ़ा रही हैं।
