Entertainment
“TV पर चिल्लाता था…” Rafael Nadal की documentary देखकर भावुक हुए Dhanush , कहा- ‘अब पछतावा होता है’
नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘Rafa’ देखने के बाद अभिनेता धनुष ने टेनिस स्टार राफेल नडाल के संघर्ष, दर्द और जज्बे को लेकर लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट।
साउथ सुपरस्टार धनुष इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में अभिनेता ने टेनिस के महान खिलाड़ी राफेल नडाल पर बनी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री ‘Rafa’ देखी और उसके बाद उन्होंने एक ऐसा इमोशनल पोस्ट लिखा, जिसने खेल और सिनेमा दोनों दुनिया के फैंस का दिल जीत लिया।
धनुष ने इंस्टाग्राम पर साफ किया कि यह कोई प्रमोशनल पोस्ट नहीं है, बल्कि एक ऐसे फैन की भावना है जिसने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा नडाल के मैच देखते हुए बिताया है। अभिनेता ने लिखा कि डॉक्यूमेंट्री देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि नडाल कोर्ट के अंदर ही नहीं, बल्कि अपने शरीर, दर्द और मानसिक दबाव से भी लगातार लड़ रहे थे।
धनुष ने माना कि कई बार जब नडाल मैच हार जाते थे, तो वह टीवी के सामने बैठकर गुस्से में चिल्लाते थे। लेकिन अब उन्हें एहसास हुआ कि उस समय नडाल किन मुश्किलों से गुजर रहे थे। उन्होंने लिखा कि खिलाड़ी की हर छोटी आदत—जैसे पानी की बोतलों को एक खास तरीके से रखना, बार-बार बाल ठीक करना या कपड़े एडजस्ट करना—सिर्फ रूटीन नहीं था, बल्कि तनाव और चिंता से लड़ने का तरीका था।
अभिनेता ने नडाल की पुरानी चोटों और क्रॉनिक फुट कंडीशन का जिक्र करते हुए कहा कि इतनी तकलीफों के बावजूद उन्होंने जो हासिल किया, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है। धनुष ने यह भी कहा कि अगर नडाल को पैर की समस्या नहीं होती, तो शायद उनके रिकॉर्ड और भी बड़े होते।
और भी पढ़ें : Peddi विवाद पर director Buchi Babu Sana का बड़ा फैसला: Janhvi Kapoor के controversial scenes हटाए
पोस्ट में धनुष ने टेनिस की “GOAT” यानी Greatest Of All Time बहस पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि आंकड़े भले नोवाक जोकोविच के पक्ष में हों और कई लोग रोजर फेडरर को महान मानते हों, लेकिन उनके लिए राफेल नडाल हमेशा सबसे बड़े खिलाड़ी रहेंगे।

धनुष ने नडाल को धन्यवाद देते हुए लिखा कि उन्होंने अपने शरीर और आत्मा दोनों को टेनिस के लिए समर्पित कर दिया और दुनिया भर के करोड़ों लोगों को संघर्ष और विनम्रता की प्रेरणा दी।
बता दें कि ‘Rafa’ नाम की यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है, जिसमें राफेल नडाल के करियर के आखिरी वर्षों के संघर्ष, चोटों और भावनात्मक सफर को दिखाया गया है। इस सीरीज को ऑस्कर-नॉमिनेटेड निर्देशक जैक हेंजरलिंग ने डायरेक्ट किया है।
वहीं, वर्कफ्रंट की बात करें तो धनुष जल्द ही निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की नई फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।
