India News
पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, हिमंता सरमा की पत्नी के पासपोर्ट विवाद ने पकड़ा तूल
चुनाव से ठीक पहले तेज हुई सियासी टकराहट, कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने
देश की राजनीति में एक नया विवाद उस वक्त गरमा गया जब असम पुलिस की एक टीम मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पहुंची। यह कार्रवाई उस बयान के बाद हुई है जिसमें उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम दिल्ली पुलिस के साथ निजामुद्दीन ईस्ट स्थित उनके घर पहुंची, लेकिन उस समय पवन खेड़ा वहां मौजूद नहीं थे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, वे फिलहाल हैदराबाद में हैं।
और भी पढ़ें : ईरान ने Donald Trump को ‘एस्केलेशन ट्रैप’ में अलौकिक हड़ताल से फँसाया: अमेरिका अब संकट के ‘नर्क’ में
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पवन खेड़ा गुवाहाटी से निकलकर हैदराबाद चले गए हैं। वहीं, इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल में और भी गर्मी ला दी है, क्योंकि असम में 9 अप्रैल को मतदान होना है।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं और उनके परिवार के अमेरिका में बड़े व्यावसायिक हित हैं। इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए रिनिकी भुइयां सरमा ने सोमवार को एफआईआर दर्ज कराई।
इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने कांग्रेस नेता पर तीखी टिप्पणी करते हुए मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात भी कही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह के आरोप और पुलिस कार्रवाई से माहौल और ज्यादा ध्रुवीकृत हो सकता है। अब देखना यह होगा कि यह विवाद आने वाले चुनावी नतीजों पर कितना असर डालता है।
