Sports
“मैं पूरी तरह टूट चुका था…” आखिर क्यों Virat Kohli ने छोड़ी थी टेस्ट कप्तानी? अब खुद किया बड़ा खुलासा
Virat Kohli ने लंबे समय बाद टेस्ट कप्तानी छोड़ने की असली वजह बताई। उन्होंने कहा कि लगातार जिम्मेदारियों और उम्मीदों का दबाव उन्हें अंदर से खत्म कर रहा था।
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में गिने जाने वाले विराट कोहली ने आखिरकार उस सवाल का जवाब दे दिया, जो पिछले कई सालों से फैंस के मन में था। आखिर उन्होंने टेस्ट कप्तानी क्यों छोड़ी?
जनवरी 2022 में जब Virat Kohli ने अचानक टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दिया था, तब करोड़ों क्रिकेट फैंस हैरान रह गए थे। उनके नेतृत्व में भारत ने विदेशों में ऐतिहासिक जीत हासिल कीं और टेस्ट क्रिकेट में नई पहचान बनाई। लेकिन अब पहली बार कोहली ने खुलकर बताया है कि उस दौर में वह मानसिक और भावनात्मक रूप से पूरी तरह थक चुके थे।
RCB Innovation Lab Indian Sports Summit के दौरान बातचीत में कोहली ने कहा कि कप्तानी और बल्लेबाज़ी दोनों की जिम्मेदारी धीरे-धीरे उनके जीवन पर भारी पड़ने लगी थी।
उन्होंने कहा, “मैं भारतीय क्रिकेट को हमेशा शीर्ष पर बनाए रखना चाहता था। इसी सोच में मैं इतना डूब गया कि मुझे एहसास ही नहीं हुआ कि ये जिम्मेदारियां मुझे अंदर से कितना खत्म कर रही हैं। जब मैंने कप्तानी छोड़ी, तब मैं पूरी तरह थक चुका था।”
और भी पढ़ें : क्या IPL bowlers ने ढूंढ ली Vaibhav Sooryavanshi की ‘कमज़ोरी’? Coach Vikram Rathore ने दिया दो टूक जवाब
कोहली ने माना कि एक समय ऐसा आ गया था जब टीम की हर उम्मीद उन्हीं पर टिक गई थी। मैदान पर प्रदर्शन करना और साथ ही पूरी टीम को संभालना आसान नहीं था।
उन्होंने कहा कि कप्तान के तौर पर उनकी सबसे बड़ी कोशिश यही रहती थी कि ड्रेसिंग रूम में असुरक्षा का माहौल ना बने। इस दौरान उन्होंने पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ को भी खास श्रेय दिया।
कोहली ने आगे कहा, “जब आपका फॉर्म शानदार होता है, तब सब आसान लगता है। लेकिन जैसे ही प्रदर्शन थोड़ा नीचे जाता है, जिम्मेदारियों का दबाव और ज्यादा महसूस होने लगता है। उस समय चीजें संभालना काफी मुश्किल हो गया था।”
दिलचस्प बात यह रही कि कप्तानी छोड़ने के बाद Virat Kohli ने खुद को फिर से समझना शुरू किया। उन्होंने खुलासा किया कि पूर्व कोच राहुल द्रविड़ और बल्लेबाज़ी कोच विक्रम राठौर ने मुश्किल दौर में उनका काफी साथ दिया।

कोहली ने भावुक अंदाज़ में कहा, “कप्तानी छोड़ने के बाद मैंने पहली बार अपने मन की बातें राहुल भाई और विक्रम राठौर से खुलकर शेयर कीं। उन्होंने मुझे उस तरह संभाला कि क्रिकेट खेलने की खुशी फिर वापस आ गई।”
उन्होंने यह भी कहा कि 2023 में टेस्ट क्रिकेट में उनका अच्छा प्रदर्शन उन्हीं लोगों की वजह से संभव हो पाया, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।
Virat Kohli का यह बयान सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनके ईमानदार और भावुक खुलासे की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि इतने सालों तक लगातार दबाव में रहना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता।
कोहली ने अपने कप्तानी कार्यकाल में भारत को 68 टेस्ट मैचों में 40 जीत दिलाईं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती और विदेशी सरजमीं पर भी अपना दबदबा कायम किया। यही वजह है कि आज भी उन्हें भारत के सबसे आक्रामक और सफल टेस्ट कप्तानों में गिना जाता है।
अब भले ही Virat Kohli कप्तान नहीं हैं, लेकिन फैंस के दिलों में उनकी वही जगह कायम है। उनके इस खुलासे ने यह जरूर दिखा दिया कि मैदान पर मजबूत दिखने वाले खिलाड़ी भी अंदर से कई बार टूट जाते हैं।
