Entertainment
‘60 फिल्में छीन लो, मैं एक ‘Awarapan 2’ से जवाब दूंगा’: Amaal Mallik का bollywood पर बड़ा बयान
इंडस्ट्री पॉलिटिक्स, करियर संघर्ष और ‘आवारापन 2’ को लेकर खुलकर बोले संगीतकार आमाल मलिक।
संगीतकार और गायक आमाल मलिक एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर खुलकर अपनी बात रखने वाले आमाल ने इस बार बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की राजनीति पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उनसे 60 फिल्में भी छीन ली जाएं, तो वह उसका जवाब सिर्फ एक ‘आवारापन 2’ जैसी फिल्म से देंगे।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान आमाल मलिक ने अपने करियर संघर्ष, इंडस्ट्री के अनुभव और मानसिक दबाव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कई बार ऐसा भी होता है जब वह सब कुछ छोड़ने के बारे में सोचते हैं, लेकिन फिर खुद को संभालकर दोबारा काम में जुट जाते हैं।
आमाल ने कहा कि वह इंडस्ट्री में सिर्फ सफलता या पैसा कमाने के लिए नहीं आए थे, बल्कि अपने परिवार और विरासत को आगे बढ़ाने के इरादे से आए थे। उनके मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक टिके रहना आसान नहीं है, खासकर तब जब कोई व्यक्ति पूरी ईमानदारी और स्वतंत्र सोच के साथ काम करना चाहता हो।
उन्होंने कहा, “मैं बहुत सहज इंसान हूं। मुझे हर किसी के आगे जरूरत से ज्यादा झुककर काम करना नहीं आता। मैं हमेशा सम्मान देता हूं, लेकिन सिर्फ लाइमलाइट में रहने या बैंक बैलेंस बढ़ाने के लिए अपने काम के साथ बेईमानी नहीं कर सकता।”
‘इंडस्ट्री पॉलिटिक्स का सामना 10 साल तक किया’
आमाल मलिक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर यह दावा किया था कि इंडस्ट्री राजनीति की वजह से उन्हें लगभग 60 फिल्मों से बाहर कर दिया गया। इस पर बात करते हुए उन्होंने किसी का नाम लेने से इनकार किया, लेकिन कहा कि बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में समय-समय पर अलग-अलग लोग कलाकारों के लिए मुश्किलें पैदा करते रहते हैं।
संगीतकार ने कहा कि पिछले 10 सालों में उन्होंने इस तरह की परिस्थितियों का सामना किया है और अब वह उसी तरीके से आगे नहीं बढ़ना चाहते।
उन्होंने कहा, “कसूर सिर्फ किसी एक म्यूजिक लेबल, डायरेक्टर या अभिनेता का नहीं होता। समय के साथ चेहरे बदलते रहते हैं, लेकिन सिस्टम वही रहता है।”
‘आवारापन 2’ से बड़ी उम्मीदें
आमाल मलिक इन दिनों अभिनेता इमरान हाशमी की आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ के लिए संगीत तैयार कर रहे हैं। यह पहली बार होगा जब वह विशेष फिल्म्स के साथ काम करेंगे।
और भी पढ़ें : 60 की उम्र में फिर दूल्हा बनेंगे Aamir Khan! 5 जुलाई को Girlfriend Gauri Spratt संग करेंगे निजी शादी?
आमाल ने कहा कि उनके लिए यह प्रोजेक्ट बेहद खास है और वह इसे अपने करियर का मजबूत जवाब मानते हैं। उनके अनुसार, एक अच्छी फिल्म और सच्चा संगीत कई आलोचनाओं और मुश्किलों से बड़ा जवाब बन सकता है।

लाइव कॉन्सर्ट्स को लेकर भी उत्साहित
फिल्मों के अलावा आमाल मलिक जल्द ही गुरुग्राम में लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं। इसके बाद वह मुंबई, हैदराबाद और गोवा में भी अपने इंडिया टूर के तहत शो करेंगे।
फैंस के बीच आमाल की लोकप्रियता सिर्फ उनके गानों की वजह से नहीं, बल्कि उनकी साफगोई और ईमानदार सोच की वजह से भी लगातार बढ़ रही है।
