Sports
PBKS vs MI मैच पर मंडराया मौसम का खतरा! धर्मशाला में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगी पंजाब किंग्स, लेकिन मौसम बन सकता है सबसे बड़ा विलेन।
आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और ऐसे में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच धर्मशाला में होने वाला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। लेकिन मैच से पहले मौसम ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में बुधवार को होने वाले इस मुकाबले पर बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कांगड़ा जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिन में आसमान बादलों से ढका रहेगा और शाम के समय हल्की बारिश मैच में रुकावट डाल सकती है। धर्मशाला का तापमान 14 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
ऐसे मौसम में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलने की उम्मीद है। HPCA स्टेडियम वैसे भी नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट के लिए जाना जाता है, और अगर हवा तेज रही तो बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा।
पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है। टीम लगातार चार मैच हार चुकी है और प्लेऑफ की उम्मीदें अब कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। सीजन की शुरुआत में लगातार छह मैचों में अजेय रहने वाली पंजाब की टीम अचानक लय खो बैठी है।
पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब ने 210 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाया था। कप्तान श्रेयस अय्यर और युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने शानदार पारियां खेलीं, लेकिन गेंदबाज इस स्कोर को बचा नहीं पाए।
दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। हालांकि पांच बार की चैंपियन टीम सम्मान बचाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। पिछले मुकाबले में मुंबई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आखिरी गेंद पर हार झेलनी पड़ी थी।
और भी पढ़ें : Mumbai के लिए करो या मरो नहीं, लेकिन Punjab के लिए बेहद अहम मुकाबला! Hardik Pandya पर सस्पेंस बरकरार
दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत में पंजाब ने मुंबई को वानखेड़े स्टेडियम में सात विकेट से हराया था। उस मैच में प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर की धमाकेदार बल्लेबाजी ने मुंबई के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में डाल दिया था।

अब धर्मशाला में एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, लेकिन इस बार नजर सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं बल्कि आसमान पर भी रहेगी। अगर बारिश ने ज्यादा दखल दिया, तो पंजाब किंग्स के प्लेऑफ समीकरण को बड़ा झटका लग सकता है।
क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि मौसम साफ रहे और उन्हें एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिले।
