Sports
112 टेस्ट खेलने वाले न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज़ रॉस टेलर ने की चौंकाने वाली वापसी अब करेंगे सामोआ के लिए खेल
न्यूजीलैंड क्रिकेट के दिग्गज रॉस टेलर ने रिटायरमेंट से वापसी कर सामोआ टीम के लिए खेलने का फैसला किया, T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर में उतरेंगे मैदान पर
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज़ रॉस टेलर ने क्रिकेट से संन्यास लेने के तीन साल बाद दोबारा मैदान पर उतरने का बड़ा ऐलान किया है। टेलर, जिन्होंने 112 टेस्ट, 236 वनडे और 102 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, अब सामोआ की टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग टूर्नामेंट (ओमान) में खेलते नज़र आएंगे।
और भी पढ़ें : 25 साल बाद क्रिकेट को अलविदा अमित मिश्रा ने भावुक बयान में सुनाई दिल की बातें
रॉस टेलर ने साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। वह न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में केन विलियमसन के बाद दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा टेस्ट शतक लगाने के मामले में भी वे विलियमसन के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
सोशल मीडिया पर की घोषणा
टेलर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा –
“रिटायरमेंट से बाहर आ रहा हूं। यह आधिकारिक है – मुझे गर्व है कि मैं नीली जर्सी पहनकर सामोआ के लिए मैदान पर उतरूंगा। यह सिर्फ खेल में वापसी नहीं है, बल्कि मेरी जड़ों, संस्कृति, गांव और परिवार का प्रतिनिधित्व करने का गर्व है।”
उन्होंने आगे लिखा कि वे खेल को वापस कुछ देना चाहते हैं और अपनी अनुभव से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने संदेश के अंत में लिखा।
सामोआ से खास जुड़ाव
टेलर की मां लोटे सामोआ से थीं और इसी वजह से उनका इस देश से गहरा नाता है। सामोआ टीम ने उन्हें खेलने का न्योता दिया था, जिसे टेलर ने खुशी-खुशी स्वीकार किया। वे अब अपने पूरे नाम और पारंपरिक शीर्षक – लेऑपेपे लुटेरू रॉस पौटोआ लोटे टेलर के साथ खेलेंगे।
41 साल की उम्र में वापसी
अब 41 वर्षीय टेलर को उनके पुराने साथी और न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी तरुण नेथुला ने टीम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। सामोआ टीम अब अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई करने के मकसद से पापुआ न्यू गिनी से भिड़ेगी।
टेलर ने एक इंटरव्यू में कहा – “जब खिलाड़ी आपसे खुद आकर कहते हैं कि उन्हें आपकी ज़रूरत है, तो यह बहुत मायने रखता है। मैं भले ही अब जवान नहीं हूं, लेकिन मैदान पर दौड़ने लायक फिटनेस अब भी रखता हूं।”
न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक लीजेंड
रॉस टेलर का नाम न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। उन्होंने अपने शानदार करियर में न केवल टीम को कई मुश्किल हालात से बाहर निकाला, बल्कि देश को कई ऐतिहासिक जीतें भी दिलाईं। अब सामोआ के लिए खेलना उनके लिए एक नई चुनौती और गर्व का मौका होगा।

Pingback: थकान सिर्फ बहाना है इंग्लैंड को हार के बाद हॅरी ब्रूक का तीखा बयान - Dainik Diary - Authentic Hindi News