Entertainment
‘Comedy आसान नहीं होती’: Office Office के नए season को लेकर Shruti Sharma ने साझा किया अनुभव
पंकज कपूर की ऑनस्क्रीन बेटी बनेंगी श्रुति शर्मा, बोलीं- “हर दिन खुद को साबित करने जैसा था”
टीवी की दुनिया के सबसे चर्चित और कल्ट कॉमेडी शोज़ में शामिल Office Office एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है। इस बार शो में कई नए चेहरे भी नजर आएंगे और उन्हीं में से एक हैं अभिनेत्री श्रुति शर्मा जो दिग्गज अभिनेता पंकज कपूर की बेटी का किरदार निभाती दिखाई देंगी।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में श्रुति शर्मा ने इस शो का हिस्सा बनने के अनुभव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कॉमेडी करना जितना स्क्रीन पर आसान लगता है, असल में उतना ही मुश्किल होता है।
“Pure comedy करना सबसे बड़ा चैलेंज था”
श्रुति ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन शुद्ध कॉमेडी करना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था।
उन्होंने कहा,
“मैंने अलग-अलग जॉनर में काम किया है, लेकिन पूरी तरह कॉमेडी करना अपने आप में एक चुनौती है। लोगों को हंसाना बहुत मुश्किल काम है।”
दिग्गज कलाकारों की विरासत का दबाव
श्रुति ने माना कि Office Office जैसे आइकॉनिक शो का हिस्सा बनने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि पुराने शो की पहचान और कलाकारों की छवि को ध्यान में रखते हुए नए दौर की कहानी में खुद को ढालना आसान नहीं था।
उनके मुताबिक,
“पुराने शो की आत्मा को बनाए रखते हुए नई कहानी और नए दौर में उसे पेश करना हम सभी के लिए बड़ा चैलेंज था।”
“मेरा किरदार लगातार परेशानियों में रहता है”
श्रुति ने अपने किरदार को लेकर भी दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनका रोल बाकी किरदारों से अलग है क्योंकि उन्हें हर सीन में गंभीर और सामान्य दिखना होता था, ताकि कॉमिक सिचुएशन दर्शकों को ज्यादा मजेदार लगे।
उन्होंने कहा,
“मुझे लगातार झगड़ते और परेशानियों से जूझते हुए भी बिल्कुल सामान्य और poker face रखना पड़ता था। यही चीज़ दर्शकों को हंसाएगी।”
लगातार शूटिंग ने बढ़ाई मुश्किल
श्रुति ने खुलासा किया कि शो की शूटिंग लगभग चार से पांच महीने तक चली और इस दौरान उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहा।
और भी पढ़ें : Dhanush और Siruthai Siva पहली बार करेंगे साथ काम? 2027 में शुरू होगी बड़े एक्शन एंटरटेनर की शूटिंग
उन्होंने बताया कि बाकी कलाकारों को बीच-बीच में छुट्टियां मिल जाती थीं, लेकिन उन्हें लगभग लगातार शूट करना पड़ता था।
“एक दिन में 10-10 सीन शूट करना और हर सीन में एक जैसी ऊर्जा बनाए रखना बहुत कठिन था,” उन्होंने कहा।

टीवी और वेब सीरीज से अलग अनुभव
श्रुति शर्मा ने बताया कि Office Office का नया सीजन टीवी और वेब सीरीज दोनों का मिश्रण जैसा लगा। जहां टीवी की तरह लगातार शूटिंग होती थी, वहीं वेब शो की तरह हर सीन में बारीक परफॉर्मेंस भी जरूरी थी।
उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें एक बेहतर कलाकार बनाया है और अब वह ज्यादा चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने के लिए तैयार महसूस करती हैं।
नई स्टारकास्ट, मॉडर्न कहानियों और पुराने अंदाज की कॉमेडी के साथ Office Office का नया सीजन दर्शकों के लिए एक बार फिर हंसी और नॉस्टैल्जिया लेकर आने वाला है।
