Politics
‘इतना भावुक मत बनिए’: ‘Cockroach Janata Party’ विवाद पर CJI Surya Kant की टिप्पणी से फिर गरमाई बहस
सुप्रीम कोर्ट में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ विवाद से जुड़ी याचिकाओं की तत्काल सुनवाई से इनकार, CJI बोले- “मामले में कोई इतनी बड़ी आपात स्थिति नहीं।”
‘Cockroach Janata Party’ विवाद अब सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसकी गूंज सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुकी है। सोमवार को इस मामले से जुड़ी याचिकाओं की तत्काल सुनवाई की मांग पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मुद्दे को “इतना भावुक होकर” देखने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में वकील एनके गोस्वामी ने अदालत से आग्रह किया था कि सोशल मीडिया पर मुख्य न्यायाधीश की पुरानी टिप्पणियों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण दिए जाने के बावजूद “गलत और दुर्भावनापूर्ण नैरेटिव” लगातार फैलाया जा रहा है।
इस पर CJI सूर्यकांत ने जवाब दिया,
“इसे इतना भावनात्मक तरीके से मत लीजिए। इसमें कोई इतनी गंभीर आपात स्थिति नहीं है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि याचिकाओं पर उचित समय आने पर सुनवाई की जाएगी।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
पूरा मामला 15 मई की एक सुनवाई के दौरान की गई CJI की टिप्पणी से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान उन्होंने कुछ लोगों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कुछ लोग बिना किसी पेशेवर आधार के एक्टिविज्म और सोशल मीडिया के जरिए सिस्टम पर हमला करते हैं।
इसी दौरान उन्होंने “कॉकरोच” शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई यूजर्स ने इसे युवाओं और बेरोजगारी से जोड़ते हुए आलोचना शुरू कर दी।
कुछ ही दिनों में “Cockroach Janata Party” नाम से एक ऑनलाइन मूवमेंट ट्रेंड करने लगा, जिसमें बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी नीतियों पर मीम्स और पोस्ट वायरल होने लगे।
CJI ने बाद में दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने अपनी टिप्पणी को लेकर सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका इशारा देश के युवाओं की तरफ नहीं था, बल्कि उन लोगों की ओर था जो फर्जी डिग्रियों के सहारे पेशे में प्रवेश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,
“मेरी टिप्पणी उन लोगों के लिए थी जो नकली और फर्जी डिग्रियों के जरिए पेशों में प्रवेश कर रहे हैं। यह कहना गलत है कि मैंने देश के युवाओं की आलोचना की।”
सोशल मीडिया पर तेजी से फैला आंदोलन
‘Cockroach Janata Party’ नाम का यह ऑनलाइन अभियान देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभियान को महाराष्ट्र के अभिजीत डिपके नामक युवक ने शुरू किया था, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है।
और भी पढ़ें : Raghav Chadha बने Rajya Sabha Petition Committee के Chairman, CP Radhakrishnan ने किया बड़ा पुनर्गठन
कुछ ही दिनों में इस मूवमेंट के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों फॉलोअर्स जुड़ गए। हालांकि बाद में कई अकाउंट्स भारत में ब्लॉक या सीमित कर दिए गए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय को कुछ सुरक्षा एजेंसियों से इनपुट मिले थे, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

पुलिस सुरक्षा भी दी गई
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अभिजीत डिपके के घर पर पुलिस सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है। पुलिस का कहना है कि यह कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा के कारण उनके घर के बाहर भीड़ इकट्ठा न हो।
राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज
यह मामला अब अभिव्यक्ति की आजादी, न्यायपालिका की टिप्पणियों और सोशल मीडिया एक्टिविज्म को लेकर बड़ी बहस का रूप ले चुका है। एक तरफ कुछ लोग इसे युवाओं की नाराजगी का प्रतीक बता रहे हैं, तो दूसरी ओर कई लोग इसे सोशल मीडिया पर बढ़ती अतिशयोक्ति और ट्रोल कल्चर का उदाहरण मान रहे हैं।
