World News
UAE पर हमले को PM मोदी ने बताया ‘अस्वीकार्य’, बोले- मुश्किल समय में भारतीयों का रखा परिवार जैसा ख्याल
अबू धाबी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UAE पर हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों की कड़ी निंदा की, भारत-UAE रिश्तों को बताया और मजबूत।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने साफ कहा कि किसी भी देश पर इस तरह का हमला “किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं” है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण हालात में UAE सरकार ने जिस तरह भारतीय समुदाय का ध्यान रखा, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने UAE नेतृत्व और शाही परिवार का आभार जताते हुए कहा कि वहां रह रहे भारतीयों को परिवार के सदस्य की तरह सुरक्षा और सहायता दी गई।
Gulf Crisis के बीच बढ़ा तनाव
दरअसल, मई 2026 में खाड़ी क्षेत्र में तनाव उस समय और बढ़ गया जब ईरान से जुड़े हमलों में UAE को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया, जिससे फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज ज़ोन प्रभावित हुआ। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए थे।
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा केंद्र माना जाता है। भारत जैसे देशों के लिए भी यह स्थिति काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर खाड़ी देशों पर निर्भर है।
भारत-UAE के बीच कई अहम समझौते
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिर्फ कूटनीतिक नहीं बल्कि रणनीतिक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा, LPG सप्लाई, रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण और रक्षा सहयोग को लेकर कई बड़े समझौतों पर चर्चा हुई।
और भी पढ़ें : Tehran नहीं, Taiwan नहीं Donald Trump और Xi Jinping की मुलाकात में असली दांव था Trade का
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत अपने भरोसेमंद साझेदार देशों के साथ रिश्तों को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।

भव्य स्वागत से दिखी दोस्ती की झलक
अबू धाबी पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। UAE के राष्ट्रपति स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे और भारतीय प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। खास बात यह रही कि UAE एयरस्पेस में प्रवेश करते ही Air India One विमान को Emirati F-16 फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट किया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब पूरी दुनिया पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और तेल बाजार में उथल-पुथल पर नजर बनाए हुए है।
